मोगा (ब्यूरो) :पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज मोगा के 100 वर्षीय हरबंस सिंह के धैर्य और कड़ी मेहनत की सराहना की, जो इस उम्र में अभी भी अपने और अपने पोते-पोतियों के लिए सब्जी बेच कर अपना गुजर बसर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हरबंस सिंह को तत्काल 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और उनके पोते-पोतियों को शिक्षा की सुविधा देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने आज यहां अपने सोशल मीडिया के माध्यम से इसका खुलासा करते हुए इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि हरबंस सिंह की मदद के लिए कई स्थानीय गैर सरकारी संगठन भी आगे आए हैं। गौरतलब है कि हरबंस सिंह की इस कहानी के वीडियो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे जिसके बाद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की।ज्ञात हो कि 100 वर्षीय हरबंस सिंह आज भी अपने मृत बेटे के बच्चों की परवरिश के लिए रेहड़ी पर प्याज और आलू बेचते हैं। कुछ साल पहले अपने एक बेटे की मौत और अपनी बहू द्वारा बच्चों को कथित तौर पर छोड़ने के बाद, हरबंस सिंह अपने पोते और पोती की देखभाल करने की जिम्मेदारी को पूरी लगन से निभा रहे हैं। उसका एक बेटा फल बेचता है लेकिन अपने परिवार से अलग रहता है।